अर्द्धवार्षिक परीक्षा — हल प्रश्नपत्र
विषय-जीव विज्ञान, कक्षा-XII
समय-3.00 घंटे पूर्णांक-70
नोट: सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
प्रश्न-दर-प्रश्न जाँचा गया
UP Board Class 12th Biology Half Yearly Paper 2026
कक्षा 12वीं · जीव विज्ञान · 2026 · अर्धवार्षिक
अर्द्धवार्षिक परीक्षा — हल प्रश्नपत्र
विषय-जीव विज्ञान, कक्षा-XII
समय-3.00 घंटे पूर्णांक-70
नोट: सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
सही विकल्प चुनकर उत्तर पुस्तिका में लिखो:
(क) मेण्डल के द्विसंकर संकरण प्रयोग में F2 पीढ़ी का लक्षण प्रारूप था-
(i) 9:3:3:1
(ii) 9:2:3:1
(iii) 9:3:2:1
(iv) 9:2:2:1
उत्तर:
(i) 9:3:3:1। द्विसंकर संकरण की F2 पीढ़ी में दो लक्षणों के स्वतन्त्र अपव्यूहन से 9:3:3:1 का लक्षण प्रारूप अनुपात प्राप्त होता है।
(ख) mRNA की सहायता से प्रोटीन संश्लेषण की प्रक्रिया कहलाती है-
(i) अनुवादीकरण
(ii) अनुलेखन
(iii) प्रतिलोम अनुलेखन
(iv) प्रतिलिपिकरण
उत्तर: (i) अनुवादीकरण। mRNA के कोडॉनों के अनुसार अमीनो अम्ल जुड़कर प्रोटीन बनना अनुवादन (अनुवादीकरण) कहलाता है। DNA से mRNA बनना अनुलेखन कहलाता है।
(ग) डाउन सिण्ड्रोम कौन-से गुणसूत्र की अतिरिक्त प्रतिलिपि बनने के कारण होता है-
(i) 21वें
(ii) 22वें
(iii) 23वें
(iv) 19वें
उत्तर: (i) 21वें। 21वें गुणसूत्र की एक अतिरिक्त प्रति (त्रिसमसूत्रता) होने से डाउन सिण्ड्रोम होता है, ऐसे व्यक्ति में कुल 47 गुणसूत्र होते हैं।
(घ) ट्यूबेक्टॉमी गर्भ निरोधक की एक विधि है, जो सम्बन्धित है-
(i) केवल पुरुषों से
(ii) केवल स्त्रियों से
(iii) केवल गर्भवती स्त्रियों से
(iv) नर एवं मादा दोनों से
उत्तर: (ii) केवल स्त्रियों से। ट्यूबेक्टॉमी में स्त्री की अण्डवाहिनियों को काटकर बाँध दिया जाता है, जिससे अण्डाणु गर्भाशय तक नहीं पहुँच पाता। पुरुषों में की जाने वाली ऐसी शल्य विधि वासेक्टॉमी कहलाती है।
(क) पुष्प के मादा जननांग का नाम लिखिए। (1)
उत्तर:
पुष्प के मादा जननांग को जायांग (स्त्रीकेसर) कहते हैं। यह एक या अनेक अण्डपों से बना होता है और इसके भाग हैं – वर्तिकाग्र, वर्तिका और अण्डाशय।
(ख) गुणसूत्र की खोज किसने की तथा गुणसूत्र नाम किसने दिया था? (1)
उत्तर: गुणसूत्रों का वर्णन सर्वप्रथम स्ट्रासबर्गर ने किया था और 'गुणसूत्र' (क्रोमोसोम) नाम वाल्डेयर ने सन् 1888 में दिया था।
(ग) न्यूक्लियोटाइड्स में पाए जाने वाले प्यूरीन का नाम लिखिए। (1)
उत्तर: न्यूक्लियोटाइड्स में दो प्यूरीन क्षारक पाए जाते हैं – एडेनिन और ग्वानिन। ये दो वलय वाली संरचना वाले नाइट्रोजनी क्षारक हैं।
(घ) अनुहरण क्या है? किसी एक कीट के अनुहरण का उदाहरण लिखिए। (1)
उत्तर: किसी जीव का अपने बचाव के लिए किसी अन्य जीव या निर्जीव वस्तु जैसा आकार, रंग या रूप धारण कर लेना अनुहरण कहलाता है। उदाहरण – छड़ी कीट (काठी कीट) सूखी टहनी जैसा दिखाई देता है, जिससे शत्रु उसे पहचान नहीं पाते।
(ङ) सिरका उत्पादन में किन जीवाणुओं का उपयोग होता है? (1)
उत्तर: सिरका उत्पादन में एसीटोबैक्टर एसीटाई नामक जीवाणुओं का उपयोग होता है। ये जीवाणु ऐल्कोहॉल का ऑक्सीकरण करके उसे एसिटिक अम्ल (सिरका) में बदल देते हैं।
(क) वर्णान्धता को परिभाषित कीजिए। (2)
उत्तर:
वर्णान्धता एक आनुवंशिक रोग है जिसमें व्यक्ति लाल और हरे रंग में भेद नहीं कर पाता। यह रोग X गुणसूत्र पर स्थित अप्रभावी जीन के कारण होता है, इसलिए यह पुरुषों में अधिक पाया जाता है। वर्णान्ध व्यक्ति रंगों को सामान्य व्यक्ति की तरह स्पष्ट नहीं देख पाता।
(ख) रंजकहीनता क्या होती है? (2)
उत्तर: रंजकहीनता (ऐल्बिनिज्म) एक आनुवंशिक विकार है जिसमें शरीर में मेलानिन नामक रंजक (वर्णक) नहीं बन पाता। इसके कारण त्वचा, बाल और आँखें बहुत हल्के या सफेद रंग की हो जाती हैं। यह मेलानिन बनाने वाले एन्जाइम के जीन में दोष के कारण होता है।
(ग) विपुंसन की व्याख्या कीजिए। (2)
उत्तर: किसी द्विलिंगी पुष्प से परागकोशों को परिपक्व होने से पहले हटाने या नष्ट करने की क्रिया विपुंसन कहलाती है। संकरण प्रयोगों में विपुंसन इसलिए किया जाता है ताकि उस पुष्प में स्वपरागण न हो और केवल इच्छित पौधे के पराग से ही परपरागण कराया जा सके। विपुंसन के बाद पुष्प को थैली से ढक दिया जाता है, इसे बैगिंग कहते हैं।
(घ) जन्तुओं में लिंग निर्धारण को समझाइए। (2)
उत्तर: जन्तुओं में लिंग का निर्धारण मुख्यतः गुणसूत्रों द्वारा होता है। मनुष्य और अधिकांश स्तनधारियों में XX-XY प्रकार होता है – स्त्री में XX और पुरुष में XY गुणसूत्र होते हैं, Y गुणसूत्र की उपस्थिति नर लिंग तय करती है। कुछ कीटों में XX-XO प्रकार होता है। पक्षियों में ZZ-ZW प्रकार होता है, जिसमें मादा विषमयुग्मकी होती है। मधुमक्खी में लिंग निर्धारण अगुणित-द्विगुणित विधि से होता है – निषेचित अण्डे से मादा और अनिषेचित अण्डे से नर (ड्रोन) बनता है।
(ङ) लायन की संकल्पना क्या है? इसका महत्व बताइए। (2)
उत्तर: मेरी लायन की संकल्पना के अनुसार मादा स्तनधारियों की कोशिकाओं में उपस्थित दो X गुणसूत्रों में से एक X गुणसूत्र प्रारम्भिक भ्रूण अवस्था में ही निष्क्रिय हो जाता है। यही निष्क्रिय X गुणसूत्र संघनित होकर बार काय (Barr body) के रूप में दिखाई देता है। इसका महत्व यह है कि इससे नर और मादा दोनों में X गुणसूत्र के जीनों की मात्रा बराबर बनी रहती है, इसे मात्रा प्रतिपूर्ति कहते हैं।
(क) डाउन सिण्ड्रोम को समझाइए। (3)
उत्तर:
डाउन सिण्ड्रोम एक गुणसूत्रीय विकार है जो 21वें गुणसूत्र की एक अतिरिक्त प्रति बनने (त्रिसमसूत्रता-21) के कारण होता है। ऐसे व्यक्ति के शरीर की प्रत्येक कोशिका में 46 के स्थान पर 47 गुणसूत्र होते हैं। इसके लक्षण हैं – कद छोटा, चेहरा गोल और चपटा, आँखें तिरछी, जीभ बाहर की ओर निकली हुई, हथेली पर एक ही गहरी रेखा, मानसिक विकास धीमा और बुद्धि कम होना। यह विकार अर्धसूत्री विभाजन के समय गुणसूत्रों के ठीक से अलग न होने (अवियोजन) के कारण उत्पन्न होता है।
(ख) हर्षे तथा चेज का पारगमन प्रयोग लिखिए। (3)
उत्तर: हर्षे और चेज ने सन् 1952 में जीवाणुभोजी विषाणु पर प्रयोग करके सिद्ध किया कि DNA ही आनुवंशिक पदार्थ है। उन्होंने विषाणु के प्रोटीन को रेडियोधर्मी सल्फर (35S) से और DNA को रेडियोधर्मी फॉस्फोरस (32P) से चिह्नित किया। इन विषाणुओं से जीवाणुओं को संक्रमित कराया गया। संक्रमण के बाद पाया गया कि केवल 32P (DNA) ही जीवाणु कोशिकाओं के अन्दर गया और नई विषाणु सन्तानों में भी वही पाया गया, जबकि 35S (प्रोटीन) बाहर ही रह गया। इससे स्पष्ट हुआ कि आनुवंशिक सूचना DNA द्वारा ही अगली पीढ़ी में जाती है।
(ग) आर्तव चक्र क्या है? इसे कौन-से हार्मोन नियन्त्रित करते हैं? (3)
उत्तर: स्त्रियों में लगभग 28-29 दिनों के अन्तराल पर गर्भाशय और अण्डाशय में होने वाले चक्रीय परिवर्तनों को आर्तव चक्र (मासिक चक्र) कहते हैं। इसमें गर्भाशय की भीतरी परत बनती है और गर्भधारण न होने पर वह रक्त के साथ बाहर निकलती है, जिसे ऋतुस्राव कहते हैं। इस चक्र को पीयूष ग्रन्थि के हार्मोन FSH और LH तथा अण्डाशय के हार्मोन एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन नियन्त्रित करते हैं। FSH पुटिका की वृद्धि करता है, LH अण्डोत्सर्ग कराता है, एस्ट्रोजन गर्भाशय की परत बनाता है और प्रोजेस्टेरोन उसे गर्भधारण के लिए तैयार रखता है।
(घ) जीन विनिमय (Crossing over) को समझाइए। (3)
उत्तर: अर्धसूत्री विभाजन की प्रोफेज-I की पैकीटीन अवस्था में समजात गुणसूत्रों के असमभगिनी क्रोमेटिडों के बीच खण्डों का आदान-प्रदान जीन विनिमय कहलाता है। जिस बिन्दु पर क्रोमेटिड आपस में जुड़ते हैं, उसे काइएज्मा कहते हैं। जीन विनिमय से गुणसूत्रों पर नए जीन संयोग बनते हैं, जिससे सन्तानों में विभिन्नताएँ उत्पन्न होती हैं। ये विभिन्नताएँ जैव विकास के लिए बहुत आवश्यक हैं।
(क) बीजाण्ड की संरचना को समझाइए। (3)
उत्तर:
बीजाण्ड अण्डाशय के अन्दर बीजाण्डासन से बीजाण्डवृन्त द्वारा जुड़ा रहता है। जुड़ने के स्थान को नाभिका कहते हैं। बीजाण्ड का मुख्य शरीर बीजाण्डकाय कहलाता है, जो बाहर से एक या दो अध्यावरणों से ढका रहता है। अध्यावरणों के बीच सिरे पर एक छोटा छिद्र होता है, जिसे बीजाण्डद्वार कहते हैं। बीजाण्डकाय के अन्दर सात कोशिकाओं और आठ केन्द्रकों वाला भ्रूणकोष स्थित होता है। बीजाण्डद्वार की ओर अण्ड कोशिका और दो सहायक कोशिकाएँ होती हैं, मध्य में द्वितीयक केन्द्रक और दूसरे सिरे पर तीन प्रतिमुख कोशिकाएँ होती हैं। निषेचन के बाद बीजाण्ड ही बीज बनता है।
(ख) DNA पैकेजिंग को समझाइए। (3)
उत्तर: मानव कोशिका के DNA की लम्बाई लगभग 2 मीटर होती है, जबकि केन्द्रक बहुत छोटा होता है। इतने लम्बे DNA को छोटे केन्द्रक में रखने के लिए उसे व्यवस्थित रूप से लपेटा जाता है, यही DNA पैकेजिंग है। DNA ऋणावेशित होता है और हिस्टोन प्रोटीन धनावेशित होते हैं। आठ हिस्टोन प्रोटीनों से बना अष्टक (ऑक्टामर) बनता है, जिसके चारों ओर DNA लगभग दो चक्कर लिपटकर न्यूक्लियोसोम बनाता है। अनेक न्यूक्लियोसोम जुड़कर मोतियों की माला जैसी संरचना बनाते हैं। यह सूत्र और अधिक कुण्डलित होकर क्रोमेटिन और फिर गुणसूत्र बनाता है। इस प्रकार लम्बा DNA छोटे स्थान में समा जाता है।
(ग) ग्रीन जैव-प्रौद्योगिकी क्या है? (3)
उत्तर: जैव-प्रौद्योगिकी का वह भाग जो पौधों और कृषि से सम्बन्धित है, ग्रीन जैव-प्रौद्योगिकी कहलाता है। इसके अन्तर्गत आनुवंशिक रूप से रूपान्तरित (GM) फसलें बनाई जाती हैं, जैसे कीट प्रतिरोधी Bt कपास और Bt बैंगन, अधिक विटामिन-A युक्त सुनहरा चावल (गोल्डन राइस) आदि। इससे फसलों की उपज बढ़ती है, कीटनाशकों का प्रयोग घटता है और पौधों में रोग प्रतिरोधक क्षमता आती है। ऊतक संवर्धन द्वारा कम समय में अधिक पौधे तैयार करना भी इसी के अन्तर्गत आता है।
(घ) द्विबीजपत्री पौधे के भ्रूण विकास का वर्णन कीजिए। (3)
उत्तर: निषेचन के बाद बना युग्मनज अनुप्रस्थ विभाजन द्वारा दो कोशिकाओं में बँटता है – ऊपरी आधार कोशिका और निचली अन्तस्थ कोशिका। आधार कोशिका से निलम्बक बनता है, जो भ्रूण को भ्रूणपोष से जोड़कर भोजन पहुँचाता है। अन्तस्थ कोशिका बार-बार विभाजित होकर पहले गोलाकार, फिर हृदयाकार भ्रूण बनाती है। हृदयाकार भ्रूण के दो उभार ही दो बीजपत्र बनते हैं। इसके साथ ही प्रांकुर (भावी प्ररोह), मूलांकुर (भावी जड़), बीजपत्रोपरिक और बीजपत्राधारिक भाग बन जाते हैं। परिपक्व होने पर भ्रूण बीज के अन्दर सुरक्षित रहता है और अनुकूल दशा में अंकुरित होता है।
(क) मनुष्य में यौन सम्बन्धी उत्पन्न रोगों के लक्षण बताइए। (3)
उत्तर:
यौन सम्बन्धों से फैलने वाले रोगों के सामान्य लक्षण हैं – जननांगों में खुजली, जलन और सूजन होना, पेशाब करते समय दर्द और जलन, जननांगों से असामान्य और दुर्गन्धयुक्त स्राव, जननांगों पर छाले, घाव, फुंसियाँ या मस्से बनना, पेट के निचले भाग में दर्द और बुखार आना। स्त्रियों में कई बार लक्षण स्पष्ट दिखाई नहीं देते, इसलिए रोग बढ़ जाता है। समय पर उपचार न होने से ये रोग बाँझपन और अन्य गम्भीर जटिलताएँ उत्पन्न कर सकते हैं।
(ख) सेन्ट्रल डोग्मा पर टिप्पणी कीजिए। (3)
उत्तर: फ्रांसिस क्रिक द्वारा दिया गया सेन्ट्रल डोग्मा आणविक जीव विज्ञान का केन्द्रीय सिद्धान्त है। इसके अनुसार आनुवंशिक सूचना का प्रवाह एक ही दिशा में होता है – DNA से RNA और RNA से प्रोटीन। अर्थात् DNA पहले अनुलेखन द्वारा mRNA बनाता है और फिर mRNA अनुवादन द्वारा प्रोटीन बनाता है। प्रोटीन से सूचना कभी DNA की ओर वापस नहीं जाती। कुछ विषाणुओं में प्रतिलोम अनुलेखन द्वारा RNA से DNA बनता है, जो इस सिद्धान्त का विशेष रूप है।
(ग) मलेरिया परजीवी के जीवन-चक्र को रेखाचित्र द्वारा समझाइए। (3)
उत्तर: यह पेंडिंग है
(घ) फल निर्माण तथा सत्य फल तथा असत्य फल को समझाइए। (3)
उत्तर: निषेचन के बाद अण्डाशय की भित्ति फलभित्ति में और पूरा अण्डाशय फल में बदल जाता है, जबकि बीजाण्ड बीज बनते हैं। इस प्रकार फल का निर्माण होता है। सत्य फल वे फल हैं जो केवल अण्डाशय से बनते हैं, जैसे आम, अमरूद और टमाटर। असत्य फल (कूट फल) वे फल हैं जिनके बनने में अण्डाशय के अतिरिक्त पुष्प के अन्य भाग, जैसे पुष्पासन, भी भाग लेते हैं, जैसे सेब और नाशपाती में खाने वाला भाग पुष्पासन से बनता है।
मेण्डल के पृथक्करण तथा प्रभाविता के नियम की व्याख्या कीजिए तथा द्विसंकर संकरण को समझाइए। (5)
उत्तर:
प्रभाविता का नियम – जब दो विपरीत लक्षणों वाले शुद्ध पौधों का संकरण कराया जाता है, तो F1 पीढ़ी में केवल एक ही लक्षण दिखाई देता है, उसे प्रभावी लक्षण कहते हैं और जो लक्षण छिप जाता है, उसे अप्रभावी लक्षण कहते हैं। जैसे लम्बे और बौने मटर के संकरण से F1 पीढ़ी के सभी पौधे लम्बे होते हैं, यहाँ लम्बापन प्रभावी और बौनापन अप्रभावी है।
पृथक्करण का नियम – F1 पीढ़ी के संकर पौधों में दोनों लक्षणों के कारक साथ-साथ रहते हैं, परन्तु युग्मक बनते समय वे एक-दूसरे से अलग (पृथक) हो जाते हैं, जिससे प्रत्येक युग्मक में केवल एक ही कारक जाता है। इसलिए F2 पीढ़ी में प्रभावी और अप्रभावी लक्षण 3:1 के अनुपात में फिर प्रकट हो जाते हैं। इसे युग्मकों की शुद्धता का नियम भी कहते हैं।
द्विसंकर संकरण – दो जोड़ी विपरीत लक्षणों को लेकर किया गया संकरण द्विसंकर संकरण कहलाता है। मेण्डल ने गोल-पीले बीज वाले पौधे का झुर्रीदार-हरे बीज वाले पौधे से संकरण कराया। F1 पीढ़ी में सभी पौधे गोल-पीले बीज वाले हुए। F2 पीढ़ी में चार प्रकार के पौधे 9:3:3:1 के अनुपात में मिले – 9 गोल-पीले, 3 गोल-हरे, 3 झुर्रीदार-पीले और 1 झुर्रीदार-हरा। इससे सिद्ध हुआ कि प्रत्येक लक्षण की वंशागति स्वतन्त्र रूप से होती है।
अथवा
निम्नलिखित पर टिप्पणी कीजिए: (5)
(क) टेस्ट क्रॉस तथा बैक क्रॉस
(ख) स्वतन्त्र अपव्यूहन का नियम
(ग) एकसंकर संकरण
उत्तर: (क) टेस्ट क्रॉस तथा बैक क्रॉस – टेस्ट क्रॉस में F1 संकर पौधे का संकरण अप्रभावी जनक (जैसे बौना पौधा) से कराया जाता है। इससे F1 पौधे की जीन संरचना का पता चलता है; यदि सन्तान में प्रभावी और अप्रभावी लक्षण 1:1 में मिलें तो F1 पौधा विषमयुग्मजी होता है। बैक क्रॉस में F1 संकर का संकरण उसके किसी एक जनक (प्रभावी या अप्रभावी) से कराया जाता है। टेस्ट क्रॉस भी एक प्रकार का बैक क्रॉस ही है, जिसमें संकरण अप्रभावी जनक से होता है।
(ख) स्वतन्त्र अपव्यूहन का नियम – जब दो या अधिक जोड़ी विपरीत लक्षणों वाले पौधों का संकरण कराया जाता है, तो एक लक्षण की वंशागति दूसरे लक्षण की वंशागति से स्वतन्त्र होती है। युग्मक बनते समय प्रत्येक जोड़ी के कारक स्वतन्त्र रूप से अलग होकर नए संयोग बनाते हैं। द्विसंकर संकरण की F2 पीढ़ी का 9:3:3:1 अनुपात इसी नियम का प्रमाण है।
(ग) एकसंकर संकरण – एक जोड़ी विपरीत लक्षणों को लेकर किया गया संकरण एकसंकर संकरण कहलाता है। मेण्डल ने लम्बे और बौने मटर के पौधों का संकरण कराया। F1 पीढ़ी में सभी पौधे लम्बे हुए और F2 पीढ़ी में लम्बे और बौने पौधे 3:1 के लक्षण अनुपात तथा 1:2:1 के जीन अनुपात में प्राप्त हुए।
हीमोफिलिया की वंशागति को समझाइए। यदि हीमोफिलिक पुरुष किसी हीमोफिलिया की वाहक स्त्री से शादी करता है तो उनकी संतान में क्या-क्या लक्षण होंगे। (5)
उत्तर:
हीमोफिलिया एक X गुणसूत्र से जुड़ा अप्रभावी आनुवंशिक रोग है। इसमें रक्त का थक्का बनाने वाला प्रोटीन नहीं बनता, इसलिए चोट लगने पर रक्त लगातार बहता रहता है। इसका जीन X गुणसूत्र पर होता है। पुरुषों में केवल एक X गुणसूत्र होता है, इसलिए एक ही दोषयुक्त जीन से पुरुष रोगी हो जाता है। स्त्रियाँ सामान्यतः इस रोग की वाहक होती हैं, क्योंकि उनमें दूसरा सामान्य X गुणसूत्र रोग को प्रकट नहीं होने देता। रोगी पिता से यह जीन उसकी पुत्रियों को जाता है और वाहक माता से पुत्रों को मिलता है, इसे क्रिस-क्रॉस वंशागति कहते हैं।
वाहक स्त्री और हीमोफिलिक पुरुष की संतान – वाहक स्त्री (XHXh) और हीमोफिलिक पुरुष (XhY) के संकरण से चार प्रकार की संतानें समान अनुपात में होंगी –
(1) पुत्रियों में आधी (50 प्रतिशत) वाहक होंगी, जिनमें रोग प्रकट नहीं होगा।
(2) आधी (50 प्रतिशत) पुत्रियाँ हीमोफिलिक (रोगी) होंगी, क्योंकि उन्हें दोनों ओर से दोषयुक्त X गुणसूत्र मिलेगा।
(3) पुत्रों में आधे (50 प्रतिशत) सामान्य होंगे।
(4) आधे (50 प्रतिशत) पुत्र हीमोफिलिक (रोगी) होंगे।
अर्थात् कुल सन्तानों में लगभग आधी सन्तानें रोग से प्रभावित होंगी और पुत्रियों का रोगी होना इस संकरण की विशेष बात है।
अथवा
वॉटसन एवं क्रिक द्वारा प्रस्तावित DNA दोहरी कुण्डली मॉडल का सचित्र वर्णन कीजिए। (5)
उत्तर: यह पेंडिंग है
सहलग्नता एवं पुनर्योजन की उदाहरण सहित व्याख्या कीजिए। (5)
उत्तर:
सहलग्नता – एक ही गुणसूत्र पर स्थित जीनों का एक साथ वंशागत होना और युग्मक बनते समय अलग न होना सहलग्नता कहलाता है। ऐसे जीन स्वतन्त्र अपव्यूहन नहीं दिखाते। उदाहरण – मॉर्गन ने ड्रोसोफिला मक्खी में पाया कि शरीर के रंग और पंखों के आकार के जीन एक ही गुणसूत्र पर स्थित होने के कारण साथ-साथ वंशागत होते हैं, इसलिए F2 पीढ़ी में जनक प्रकार के संयोग अपेक्षा से बहुत अधिक मिलते हैं। गुणसूत्र पर जीन जितने पास होते हैं, सहलग्नता उतनी ही मजबूत होती है।
पुनर्योजन – अर्धसूत्री विभाजन के समय समजात गुणसूत्रों के बीच जीन विनिमय (क्रॉसिंग ओवर) होने से जीनों के नए संयोग बनना पुनर्योजन कहलाता है। इससे सन्तानों में जनकों से भिन्न नए लक्षण संयोग प्रकट होते हैं। उदाहरण – ड्रोसोफिला के सहलग्न जीनों में भी कुछ प्रतिशत सन्तानें नए संयोगों वाली मिलती हैं, यही पुनर्योजित प्रकार हैं। दो जीनों के बीच पुनर्योजन की प्रतिशतता से गुणसूत्र पर उनकी दूरी मापी जाती है और जीन मानचित्र बनाए जाते हैं। सहलग्नता विभिन्नता को घटाती है, जबकि पुनर्योजन विभिन्नता को बढ़ाता है और जैव विकास में सहायक है।
अथवा
मानव जीनोम की विशेषताओं का वर्णन कीजिए। (5)
उत्तर: मानव जीनोम परियोजना से मानव जीनोम की निम्नलिखित विशेषताएँ ज्ञात हुईं –
(1) मानव जीनोम में लगभग 3164.7 मिलियन (लगभग 3 अरब) क्षारक युग्म पाए जाते हैं।
(2) मानव में कुल जीनों की संख्या लगभग 30,000 है, जो पहले के अनुमान से बहुत कम है।
(3) लगभग 99.9 प्रतिशत मनुष्यों में क्षारकों का क्रम एक समान होता है, केवल 0.1 प्रतिशत भिन्नता ही प्रत्येक व्यक्ति को अलग बनाती है।
(4) सबसे बड़ा जीन डिस्ट्रोफिन है, जिसमें 2.4 मिलियन क्षारक होते हैं।
(5) सबसे छोटा गुणसूत्र 21वाँ और सबसे बड़ा गुणसूत्र पहला है; पहले गुणसूत्र में सबसे अधिक (2968) जीन और 21वें गुणसूत्र में सबसे कम (231) जीन पाए गए।
(6) जीनोम का बहुत बड़ा भाग पुनरावृत्त अनुक्रमों से बना है, जो सीधे प्रोटीन के लिए कूट नहीं करते।
(7) लगभग 1.4 मिलियन स्थानों पर एकल क्षारक भिन्नता (SNP) पाई जाती है, जिनसे रोगों से जुड़े जीनों का पता लगाने में सहायता मिलती है।
समाप्त