वार्षिक परीक्षा-2025 — हल प्रश्नपत्र
विषय-समाजशास्त्र, कक्षा-XI (C Code)
समय-3 घण्टे 15 मिनट पूर्णांक-100
(बहुविकल्पीय प्रश्न)
प्रश्न-दर-प्रश्न जाँचा गया
UP Board Class 11th समाजशास्त्र Annual Paper 2025 C Code
कक्षा 11वीं · समाजशास्त्र · 2025 · बोर्ड परीक्षा
वार्षिक परीक्षा-2025 — हल प्रश्नपत्र
विषय-समाजशास्त्र, कक्षा-XI (C Code)
समय-3 घण्टे 15 मिनट पूर्णांक-100
(बहुविकल्पीय प्रश्न)
समाजशास्त्र नहीं है—
(अ) भौतिक विज्ञान
(ब) सामाजिक विज्ञान
(स) अर्थ विज्ञान
(द) अमूर्त विज्ञान
उत्तर:
(अ) भौतिक विज्ञान। समाजशास्त्र समाज का अध्ययन करने वाला एक सामाजिक विज्ञान है। यह भौतिक विज्ञान नहीं है, क्योंकि भौतिक विज्ञान (जैसे—भौतिकी, रसायन) का सम्बन्ध निर्जीव पदार्थों से होता है, जबकि समाजशास्त्र मनुष्यों के सामाजिक सम्बन्धों का अध्ययन करता है।
निम्नलिखित में से नवीनतम सामाजिक विज्ञान कौन-सा है?
(अ) समाजशास्त्र
(ब) अर्थशास्त्र
(स) मनोविज्ञान
(द) मानवशास्त्र
उत्तर:
(अ) समाजशास्त्र। समाजशास्त्र सभी सामाजिक विज्ञानों में सबसे नवीन (सबसे बाद में विकसित) विज्ञान है। इसका स्वतन्त्र विषय के रूप में जन्म सन् 1838 में फ्रांसीसी विचारक ऑगस्ट कॉम्टे द्वारा हुआ, जबकि अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान आदि विषय इससे पहले ही विकसित हो चुके थे।
"जाति एक बन्द वर्ग है।" यह कथन है—
(अ) मजूमदार का
(ब) केतकर का
(स) चार्ल्स कूले का
(द) हॉबल का
उत्तर:
(अ) मजूमदार का। प्रसिद्ध भारतीय समाजशास्त्री डॉ. डी. एन. मजूमदार ने कहा है कि "जाति एक बन्द वर्ग है", क्योंकि जाति की सदस्यता जन्म से मिलती है और व्यक्ति अपनी जाति बदल नहीं सकता।
परम्परागत हिन्दू परिवार का स्वरूप किस प्रकार का था?
(अ) संयुक्त परिवार
(ब) विघटित परिवार
(स) विस्तृत परिवार
(द) सामान्य परिवार
उत्तर:
(अ) संयुक्त परिवार। परम्परागत हिन्दू परिवार संयुक्त परिवार के रूप में था, जिसमें कई पीढ़ियों के सदस्य एक साथ एक ही घर में रहते थे, एक ही रसोई में खाना खाते थे और सम्पत्ति भी संयुक्त होती थी।
अवलोकन पद्धति को अपनाया जाता है—
(अ) सर्वाधिक
(ब) कभी-कभी
(स) कभी नहीं
(द) बहुत कम
उत्तर:
(अ) सर्वाधिक। अवलोकन पद्धति सामाजिक अनुसन्धान की सबसे सरल और सबसे अधिक प्रयोग की जाने वाली पद्धति है। इसमें अनुसन्धानकर्ता घटनाओं को अपनी आँखों से देखकर तथ्य एकत्र करता है, इसलिए इसका प्रयोग सर्वाधिक होता है।
सामाजिक संरचना का मूल आधार है—
(अ) व्यक्ति
(ब) सामाजिक सम्बन्धों का व्यवस्थित जाल
(स) समूह
(द) इनमें से कोई नहीं
उत्तर:
(ब) सामाजिक सम्बन्धों का व्यवस्थित जाल। समाज व्यक्तियों के पारस्परिक सम्बन्धों से बनता है। जब ये सम्बन्ध एक निश्चित व्यवस्था में संगठित हो जाते हैं तो उसे सामाजिक संरचना कहते हैं, इसलिए इसका मूल आधार सामाजिक सम्बन्धों का व्यवस्थित जाल है।
वैधता से सम्पन्न शक्ति को कहते हैं—
(अ) प्रभाव
(ब) सत्ता
(स) बल प्रयोग
(द) अनावश्यक दबाव
उत्तर:
(ब) सत्ता। मैक्स वेबर के अनुसार जब शक्ति को समाज की स्वीकृति या वैधता प्राप्त हो जाती है तो उसे सत्ता कहते हैं। सत्ता का पालन लोग स्वेच्छा से करते हैं, जबकि बल प्रयोग में दबाव होता है।
पर्यावरण दिवस मनाया जाता है—
(अ) 26 जून को
(ब) 5 जून को
(स) 25 मई को
(द) 5 मई को
उत्तर:
(ब) 5 जून को। विश्व पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण की रक्षा के प्रति जागरूक करना है।
दुर्खीम के अनुसार समाजशास्त्र की विषयवस्तु है—
(अ) सामाजिक समूह
(ब) सामाजिक तथ्य
(स) सामाजिक सम्बन्ध
(द) सामाजिक विवाद
उत्तर:
(ब) सामाजिक तथ्य। फ्रांसीसी समाजशास्त्री इमाइल दुर्खीम के अनुसार समाजशास्त्र की विषयवस्तु 'सामाजिक तथ्य' है। सामाजिक तथ्य वे रीति-रिवाज, नियम और परम्पराएँ हैं जो व्यक्ति के व्यवहार को बाहर से नियन्त्रित करती हैं।
भारत में समाजशास्त्र का विकास सर्वप्रथम किस विश्वविद्यालय में हुआ?
(अ) लखनऊ
(ब) मुम्बई (बम्बई)
(स) दिल्ली
(द) अन्नामलाई
उत्तर:
(ब) मुम्बई (बम्बई)। भारत में समाजशास्त्र की पढ़ाई सर्वप्रथम सन् 1919 में बम्बई विश्वविद्यालय में प्रारम्भ हुई, जहाँ पैट्रिक गेडेस इसके प्रथम प्रोफेसर बने। इसके बाद सन् 1921 में लखनऊ विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग खुला।
(अति लघु उत्तरीय प्रश्न)
विज्ञान के प्रमुख तत्व बताइए।
उत्तर:
विज्ञान के प्रमुख तत्व हैं—(1) अवलोकन द्वारा तथ्यों का संकलन, (2) तथ्यों का वर्गीकरण, (3) तथ्यों का विश्लेषण, (4) सामान्य नियमों का निर्माण तथा (5) उन नियमों का परीक्षण और भविष्यवाणी करना। इन्हीं तत्वों के आधार पर कोई विषय विज्ञान कहलाता है।
अन्तः समूह से क्या आशय है?
उत्तर:
वह समूह जिसका व्यक्ति स्वयं सदस्य होता है और जिसके प्रति उसमें 'हम' की भावना, अपनापन और वफादारी होती है, अन्तः समूह कहलाता है। जैसे—अपना परिवार, अपना विद्यालय, अपना देश। इस शब्द का प्रयोग समनर ने किया था।
'नृजाति केन्द्रवाद' से क्या आशय है?
उत्तर:
नृजाति केन्द्रवाद वह भावना है जिसमें व्यक्ति अपने समूह या संस्कृति को सबसे श्रेष्ठ मानता है और दूसरी संस्कृतियों को अपने ही मापदण्डों से आँककर उन्हें निम्न समझता है। इस भावना से समूहों में घृणा और तनाव पैदा होता है।
साक्षात्कार का अर्थ स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
साक्षात्कार वह विधि है जिसमें अनुसन्धानकर्ता उत्तरदाता से आमने-सामने बैठकर प्रश्न पूछता है और उसके उत्तरों से सूचना एकत्र करता है। यह सामाजिक अनुसन्धान में तथ्य संकलन की एक प्रमुख और विश्वसनीय विधि है।
संघर्ष किसे कहते हैं?
उत्तर:
जब दो या दो से अधिक व्यक्ति या समूह अपने-अपने उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए एक-दूसरे का विरोध करते हैं या एक-दूसरे को हानि पहुँचाने का प्रयास करते हैं तो उसे संघर्ष कहते हैं। यह प्रतिस्पर्धा का हिंसक और असहयोगपूर्ण रूप है।
सामाजिक व्यवस्था से आप क्या समझते हैं?
उत्तर:
सामाजिक व्यवस्था से आशय समाज की विभिन्न संस्थाओं, समूहों और व्यक्तियों के बीच पाए जाने वाले संगठित और सन्तुलित सम्बन्धों से है। जब समाज के सभी अंग अपने-अपने कार्य सुचारू रूप से करते हैं तो समाज में व्यवस्था बनी रहती है।
ग्रीन हाउस क्या है?
उत्तर:
ग्रीन हाउस (हरित गृह) काँच से बनी एक संरचना होती है, जिसमें पौधों को सर्दी से बचाकर उगाया जाता है। सूर्य की किरणें काँच के अन्दर प्रवेश कर जाती हैं, परन्तु ऊष्मा बाहर नहीं निकल पाती, जिससे अन्दर का तापमान बढ़ा रहता है। वायुमण्डल में कार्बन डाइ-ऑक्साइड आदि गैसों का प्रभाव भी इसी प्रकार का होता है।
'ज्ञानोदय' से क्या आशय है?
उत्तर:
ज्ञानोदय 18वीं शताब्दी में यूरोप में हुआ वह बौद्धिक आन्दोलन है, जिसमें अन्धविश्वास के स्थान पर तर्क, बुद्धि और वैज्ञानिक चिन्तन को महत्व दिया गया। ज्ञानोदय के विचारों ने ही समाजशास्त्र जैसे नये विज्ञान के जन्म की पृष्ठभूमि तैयार की।
(लघु उत्तरीय प्रश्न)
भारत में समाजशास्त्र के विकास के बारे में आप क्या जानते हैं?
उत्तर:
भारत में समाजशास्त्र का विकास बीसवीं शताब्दी के प्रारम्भ में हुआ। सन् 1919 में बम्बई विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र का प्रथम विभाग खुला, जिसके अध्यक्ष पैट्रिक गेडेस बने। सन् 1921 में लखनऊ विश्वविद्यालय में डॉ. राधाकमल मुखर्जी के नेतृत्व में समाजशास्त्र की पढ़ाई प्रारम्भ हुई। इसके बाद डॉ. जी. एस. घुर्ये ने बम्बई में समाजशास्त्र को बहुत विकसित किया; उन्हें भारतीय समाजशास्त्र का जनक कहा जाता है। स्वतन्त्रता के बाद एम. एन. श्रीनिवास, ए. आर. देसाई, डी. एन. मजूमदार आदि विद्वानों ने इसका विस्तार किया। आज समाजशास्त्र देश के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है और भारतीय समाज के अध्ययन में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।
समुदाय किसे कहते हैं?
उत्तर:
समुदाय व्यक्तियों का वह समूह है जो एक निश्चित भू-भाग (क्षेत्र) में रहता है और जिसके सदस्यों में 'हम' की भावना अर्थात् सामुदायिक भावना पाई जाती है। मैकाइवर के अनुसार, "जब किसी समूह के सदस्य किसी निश्चित क्षेत्र में एक साथ रहते हुए सामान्य जीवन व्यतीत करते हैं तो उसे समुदाय कहते हैं।" गाँव, कस्बा और नगर समुदाय के उदाहरण हैं। समुदाय की दो मुख्य विशेषताएँ हैं—निश्चित भू-भाग और सामुदायिक भावना। समुदाय में व्यक्ति की अधिकांश आवश्यकताएँ पूरी हो जाती हैं।
संस्कृति किसे कहते हैं?
उत्तर:
संस्कृति वह सम्पूर्ण जीवन-पद्धति है जो मनुष्य समाज का सदस्य होने के नाते सीखता है। टायलर के अनुसार, "संस्कृति वह जटिल समग्रता है जिसमें ज्ञान, विश्वास, कला, नैतिकता, कानून, रीति-रिवाज और वे सभी क्षमताएँ सम्मिलित हैं जो मनुष्य समाज से प्राप्त करता है।" संस्कृति के दो रूप होते हैं—भौतिक संस्कृति, जैसे—मकान, वस्त्र, मशीनें; और अभौतिक संस्कृति, जैसे—विचार, मूल्य, परम्पराएँ। संस्कृति जन्म से नहीं मिलती, यह सीखी जाती है और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तान्तरित होती है।
सामाजिक संरचना किसे कहते हैं?
उत्तर:
सामाजिक संरचना से आशय समाज की विभिन्न संस्थाओं, समूहों और व्यक्तियों की स्थितियों (प्रस्थितियों) तथा भूमिकाओं की व्यवस्थित व्यवस्था से है। जिस प्रकार किसी भवन की संरचना उसके ढाँचे से बनती है, उसी प्रकार समाज का ढाँचा उसकी संस्थाओं—परिवार, विवाह, धर्म, शिक्षा, राज्य आदि—के परस्पर सम्बन्धों से बनता है। प्रत्येक व्यक्ति समाज में कोई न कोई प्रस्थिति प्राप्त करता है और उसी के अनुसार अपनी भूमिका निभाता है। इन्हीं प्रस्थितियों और भूमिकाओं के संगठित रूप को सामाजिक संरचना कहते हैं।
अपराध क्या है? संक्षिप्त विवरण दीजिए।
उत्तर:
अपराध वह कार्य है जो राज्य द्वारा बनाए गए कानून के विरुद्ध किया जाता है और जिसके लिए कानून में दण्ड का प्रावधान होता है। जैसे—चोरी, डकैती, हत्या, ठगी आदि। अपराध की मुख्य विशेषताएँ हैं—(1) यह कानून द्वारा निषिद्ध कार्य होता है, (2) इससे समाज या किसी व्यक्ति को हानि पहुँचती है, (3) यह जानबूझकर किया जाता है तथा (4) इसके लिए अपराधी को दण्ड मिलता है। समाजशास्त्रीय दृष्टि से अपराध सामाजिक नियमों का उल्लंघन है, इसलिए प्रत्येक समाज अपने नियमों की रक्षा के लिए अपराधियों को दण्ड देता है।
आदर्श-प्रारूप से क्या अभिप्राय है?
उत्तर:
आदर्श-प्रारूप मैक्स वेबर द्वारा दी गई एक महत्वपूर्ण अवधारणा है। यह किसी सामाजिक घटना के आवश्यक लक्षणों को चुनकर बनाया गया एक मानसिक प्रारूप (मॉडल) है। यह प्रारूप वास्तविकता में ठीक उसी रूप में नहीं पाया जाता, परन्तु इसके द्वारा वास्तविक घटनाओं की तुलना करके उनका अध्ययन किया जाता है। उदाहरण के लिए, वेबर ने नौकरशाही का आदर्श-प्रारूप बनाया, जिससे वास्तविक कार्यालयों की व्यवस्था को समझा जा सकता है। इस प्रकार आदर्श-प्रारूप सामाजिक घटनाओं को समझने का एक साधन है।
(विस्तृत उत्तरीय प्रश्न)
सामाजिक परिवर्तन के स्रोतों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
सामाजिक परिवर्तन के प्रमुख स्रोत निम्नलिखित हैं—
(1) प्राकृतिक या भौगोलिक स्रोत—बाढ़, भूकम्प, सूखा, महामारी आदि प्राकृतिक घटनाएँ समाज के जीवन को बदल देती हैं। लोग स्थान बदलने पर मजबूर होते हैं और नयी जीवन-पद्धति अपनाते हैं।
(2) प्रौद्योगिकीय स्रोत—नये आविष्कार और मशीनें परिवर्तन का सबसे बड़ा स्रोत हैं। भाप के इंजन, बिजली, रेल, टेलीफोन, कम्प्यूटर और इण्टरनेट ने समाज को पूरी तरह बदल दिया है।
(3) जनसंख्यात्मक स्रोत—जनसंख्या का बढ़ना या घटना, जन्म-दर व मृत्यु-दर में बदलाव और नगरों की ओर पलायन से समाज में परिवर्तन आता है।
(4) आर्थिक स्रोत—उद्योगीकरण, व्यापार का विस्तार, नयी उत्पादन-पद्धतियाँ और धन के वितरण में बदलाव सामाजिक परिवर्तन लाते हैं।
(5) सांस्कृतिक स्रोत—नये विचार, धर्म-सुधार आन्दोलन, शिक्षा का प्रसार और महान व्यक्तियों के विचार समाज की मान्यताओं को बदल देते हैं।
(6) राजनीतिक स्रोत—कानूनों में बदलाव, नयी सरकारें, क्रान्तियाँ और युद्ध समाज में बड़े परिवर्तन लाते हैं। भारत में सती-प्रथा व बाल-विवाह पर रोक लगाने वाले कानून इसके उदाहरण हैं।
इस प्रकार सामाजिक परिवर्तन किसी एक स्रोत से नहीं, अनेक स्रोतों के मिले-जुले प्रभाव से होता है।
अथवा
पर्यावरणीय प्रदूषण के विभिन्न कारणों का वर्णन कीजिए।
उत्तर: पर्यावरणीय प्रदूषण के प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं—
(1) औद्योगीकरण—कारखानों से निकलने वाला धुआँ वायु को और गन्दा पानी व रासायनिक कचरा नदियों व मिट्टी को प्रदूषित करता है।
(2) जनसंख्या वृद्धि—बढ़ती जनसंख्या के कारण कूड़ा-कचरा बढ़ता है, जंगल कटते हैं और प्राकृतिक साधनों का अत्यधिक दोहन होता है।
(3) वाहनों की वृद्धि—मोटर-वाहनों से निकलने वाला धुआँ नगरों में वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण है।
(4) वनों की कटाई—पेड़ कटने से वायु शुद्ध नहीं हो पाती, वर्षा घटती है और मिट्टी का कटाव बढ़ता है।
(5) रासायनिक खाद व कीटनाशक—खेती में इनके अधिक प्रयोग से मिट्टी और जल दोनों प्रदूषित होते हैं।
(6) नगरीकरण—अनियोजित नगर-विस्तार से हरियाली समाप्त होती है और गन्दगी बढ़ती है।
(7) प्लास्टिक व कचरे का अनुचित निपटान—प्लास्टिक मिट्टी में गलता नहीं और नदियों-नालों को अवरुद्ध करता है।
(8) ध्वनि प्रदूषण के साधन—लाउडस्पीकर, वाहनों के हॉर्न और मशीनों का शोर ध्वनि प्रदूषण फैलाता है।
अतः मनुष्य की अपनी गतिविधियाँ ही प्रदूषण का मूल कारण हैं, इसलिए इन्हें नियन्त्रित करके ही पर्यावरण बचाया जा सकता है।
नौकरशाही के गुणों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
नौकरशाही आधुनिक प्रशासन की व्यवस्था है, जिसमें प्रशिक्षित अधिकारी नियमों के अनुसार कार्य करते हैं। इसके प्रमुख गुण निम्नलिखित हैं—
(1) निश्चित नियम—नौकरशाही में सभी कार्य लिखित नियमों के अनुसार होते हैं, जिससे मनमानी नहीं चलती।
(2) विशेषज्ञता—अधिकारी अपने-अपने कार्य के विशेषज्ञ होते हैं, इसलिए कार्य कुशलता से होता है।
(3) पदसोपान—अधिकारियों के पद ऊपर से नीचे क्रम में होते हैं; प्रत्येक अधिकारी अपने ऊपर के अधिकारी के प्रति उत्तरदायी होता है, जिससे नियन्त्रण बना रहता है।
(4) लिखित अभिलेख—सभी निर्णय और कार्य फाइलों में लिखित रूप में सुरक्षित रहते हैं, जिससे भविष्य में जाँच सम्भव होती है।
(5) निष्पक्षता—नियम सबके लिए समान होते हैं, इसलिए कार्य में भेदभाव और पक्षपात की सम्भावना कम रहती है।
(6) निरन्तरता—अधिकारी बदलते रहते हैं, परन्तु व्यवस्था चलती रहती है, इसलिए प्रशासन में स्थिरता बनी रहती है।
(7) योग्यता के आधार पर नियुक्ति—अधिकारियों की नियुक्ति परीक्षा और योग्यता के आधार पर होती है, रिश्तेदारी से नहीं।
इन्हीं गुणों के कारण नौकरशाही को आधुनिक राज्य का आवश्यक और कुशल साधन माना जाता है।
अथवा
वर्ग किसे कहते हैं? वर्ग की विशेषताओं का वर्णन कीजिए।
उत्तर: वर्ग समाज का वह समूह है जिसके सदस्यों की आर्थिक स्थिति, आय, व्यवसाय और जीवन-स्तर लगभग समान होता है। जैसे—धनी वर्ग, मध्यम वर्ग और निर्धन वर्ग। वर्ग की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं—
(1) खुली व्यवस्था—वर्ग की सदस्यता जन्म से नहीं मिलती; व्यक्ति अपनी योग्यता, शिक्षा और परिश्रम से एक वर्ग से दूसरे वर्ग में जा सकता है।
(2) आर्थिक आधार—वर्ग का निर्माण मुख्य रूप से धन, आय और उत्पादन के साधनों के स्वामित्व के आधार पर होता है।
(3) वर्ग-चेतना—एक वर्ग के लोगों में अपने हितों के प्रति जागरूकता और एकता की भावना पाई जाती है।
(4) समान जीवन-शैली—एक वर्ग के लोगों का रहन-सहन, खान-पान और विचार लगभग समान होते हैं।
(5) ऊँच-नीच का क्रम—समाज में वर्गों का स्थान ऊँचा या नीचा होता है, जैसे उच्च वर्ग, मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग।
(6) अर्जित प्रस्थिति—वर्ग में व्यक्ति का स्थान उसके अपने प्रयासों से मिलता है, जन्म से नहीं।
इस प्रकार वर्ग जाति से भिन्न एक खुली और परिवर्तनशील व्यवस्था है।
सभ्यता और संस्कृति में अन्तर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
सभ्यता और संस्कृति में प्रमुख अन्तर निम्नलिखित हैं—
(1) अर्थ—संस्कृति मनुष्य के आन्तरिक जीवन से सम्बन्धित है, जैसे—विचार, मूल्य, कला, धर्म और रीति-रिवाज; जबकि सभ्यता का सम्बन्ध बाह्य और भौतिक साधनों से है, जैसे—मकान, सड़कें, मशीनें, यातायात के साधन।
(2) मापन—सभ्यता को नापा जा सकता है, क्योंकि भौतिक वस्तुओं की प्रगति स्पष्ट दिखती है; संस्कृति को नापा नहीं जा सकता।
(3) गति—सभ्यता तेजी से आगे बढ़ती है और एक देश से दूसरे देश में शीघ्र फैल जाती है; संस्कृति धीरे-धीरे बदलती है और आसानी से नहीं फैलती।
(4) उपयोगिता—सभ्यता की वस्तुओं को बिना बदले अपनाया जा सकता है, जैसे कोई भी देश रेल या बिजली अपना सकता है; संस्कृति को अपनाने में समय लगता है और वह समूह की भावनाओं से जुड़ी होती है।
(5) संचय—सभ्यता पीढ़ी दर पीढ़ी जमा होती रहती है और पुरानी उपलब्धियाँ नष्ट नहीं होतीं; संस्कृति में पुराने मूल्य समाप्त भी हो सकते हैं।
(6) सम्बन्ध—संस्कृति साध्य है और सभ्यता उसका साधन; दोनों परस्पर सम्बन्धित हैं और एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं।
इस प्रकार संस्कृति मनुष्य के आन्तरिक विकास को और सभ्यता उसके बाह्य भौतिक विकास को दर्शाती है।
अथवा
राज्य के प्रमुख कार्यों का उल्लेख कीजिए।
उत्तर: राज्य समाज की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक संस्था है। इसके प्रमुख कार्य निम्नलिखित हैं—
(1) शान्ति व व्यवस्था बनाए रखना—राज्य कानून बनाकर समाज में शान्ति स्थापित करता है और अपराधियों को दण्ड देता है।
(2) बाह्य सुरक्षा—राज्य देश की सीमाओं की रक्षा करता है और विदेशी आक्रमण से देश को बचाता है।
(3) न्याय प्रदान करना—न्यायालयों के माध्यम से राज्य नागरिकों के विवादों का निपटारा करता है और सबको समान न्याय देता है।
(4) नागरिकों के अधिकारों की रक्षा—राज्य नागरिकों के जीवन, स्वतन्त्रता और सम्पत्ति के अधिकारों की सुरक्षा करता है।
(5) शिक्षा व स्वास्थ्य की व्यवस्था—राज्य विद्यालय, महाविद्यालय और अस्पताल खोलकर नागरिकों के विकास की व्यवस्था करता है।
(6) आर्थिक कार्य—राज्य सड़कें, रेल, बिजली, सिंचाई आदि की व्यवस्था करता है, उद्योगों को बढ़ावा देता है और निर्धनों के लिए कल्याणकारी योजनाएँ चलाता है।
(7) सामाजिक सुधार—राज्य बाल-विवाह, दहेज जैसी कुरीतियों को रोकने के लिए कानून बनाता है और पिछड़े वर्गों के उत्थान का कार्य करता है।
इस प्रकार राज्य समाज की सुरक्षा, न्याय और कल्याण का प्रमुख साधन है।
समाप्त